Advertisement Carousel

PM मोदी ने गुरू गोबिंद सिंह जी की जयंती पर 350 का स्मारक सिक्का किया जारी

नई दिल्ली / गुरू गोबिंद सिंह जी की 352वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 350 का स्मारक सिक्का किया जारी। इस अवसर पर उन्होंने कुछ चुनिंदा लोगों को अपने निवास पर संबोधित भी किया। 

रविवार को सिखों के दसवें गुरू और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती को केन्द्र सरकार ने ख़ास अंदाज़ में मनाया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरु गोविंद सिंह के सम्मान में एक स्मारक सिक्का जारी किया और नई दिल्ली के 7 लोक कल्याण मार्ग पर एकत्र होने वाले विशिष्ट जनों को सम्बोधित भी किया। इससे पहले भी 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में गुरु गोविंद सिंह की जन्म स्थली पटना साहिब में उनके 350वें  प्रकाश पर्व पर बड़ा जश्न मानाया गया था और प्रधानमंत्री ने एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया था। पटना साहिब में हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह की शिक्षा को आज के समय में प्रासंगिक बताते हुए कहा था कि उस काल-खण्ड में भी गुरु जी ने खालसा पंथ के ज़रिए देश को एक सूत्र में पिरोने की कोशिश की थी।

प्रधानमंत्री खुद भी गुरु गोविंद सिंह से प्रेरणा लेते रहे हैं। चाहे मन की बात का उनका सम्बोधन हो या फिर लाल किले की प्राचीर से उनका भाषण, तमाम अवसरों पर उन्होंने अपनी यह भावना ज़ाहिर भी की है। अक्टूबर 2016 में लुधियाना में हुए राष्ट्रीय एमएसएमई सम्मान समारोह के दौरान भी प्रधानमंत्री ने छुआछूत और जात-पात के खिलाफ गुरु गोविंद सिंह के विचारों का जिक्र करते हुए उनसे प्रेरणा लेने की बात कही थी। गुरु गोविंद सिंह की जयंती को लेकर सिख समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह है और इस पर्व को मनाने के लिए लोग तैयारियों में जुटे हुए है। सिख श्रद्धालुओं का मानना है कि गुरु गोविंद सिंह उन्हें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।

उम्मीद की जानी चाहिए कि ये पर्व समाज में आपसी भाईचारे, बंधुत्व और प्रेम को औऱ भी मजबूत करने का काम करता रहेगा।

error: Content is protected !!