00 20 राज्य में 27 सम्मेलन कर चुका हूं जानबूझकर छत्तीसगढ़ आखिरी में आया
00 नक्सल समस्या, शराबबंदी और सीबीआई सहित अन्य मुद्दों पर वार
रायपुर / भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे. रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि 20 राज्य में 27 सम्मेलन कर चुका हूं. जानबूझकर छत्तीसगढ़ आखिरी में आया हूं. जनता मूड में है कि फिर एक बार मोदी सरकार बने. अमित शाह यहां आयोजित क्लस्टर के बीजेपी कार्यकर्ताओं सम्मेलन में बोल रहे थे. अपने संबोधन के दौरान ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है’ का नारा भी लगाया.
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में नक्सल समस्या, शराबबंदी और सीबीआई सहित अन्य मुद्दों को हथियार बनाया और कांग्रेस पर वार किए. नक्सलवाद के मसले पर अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नक्सलवाद फैला तो कांग्रेस की सरकार थी, आंध्र प्रदेश में नक्सलवाद तब आया तो कांग्रेस की सरकार थी. आंध्र से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद आया तो यहां भी कांग्रेस की सरकार थी. आखिर ये क्या रिश्ता है?
उन्होंने कहा कि भाजपा एक मात्र पार्टी है जिसका बूथ में बैठा कार्यकर्ता चुनाव जीता सकता है. भाजपा में ही संभव है कि बूथ का कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है. कार्यकर्ताओं ने घर-परिवार, व्यवसाय भूल कर पार्टी का हर कार्यक्रम पूरा किया है. अमित शाह ने कहा कि मैं कार्यकर्ताओं को हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूं. विधानसभा की हार पर लोकसभा का आंकलन न करें. देश में विधायक, सांसद, सीएम भाजपा के सबसे ज्यादा है. सरकार बीजेपी की हैं.
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि 2019 के चुनाव में दो-दो हाथ कर लो, दुश्मन को पटकनी मिलेगी. 15 साल में हमने छत्तीसगढ़ को बदलने का काम किया है. सीना ठोक कर जाएं और मोदी की सरकार बनाएं. उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने आयुष्मान योजना को अटका दिया, आपने सीबीआई के दरवाजे क्यों बंद किए. लगता है आपको आगे चल कर घोटाले करना है. क्या हुआ शराबबंदी का, हमने योजनाओं का नाम नहीं बदला. पंडितजी के नाम पर शुरू की गई योजनाओं का नाम बदल दिया. कांग्रेस का नक्सलवाद से क्या रिश्ता है। कांग्रेस आती है तो नक्सलवाद आता और जाती है तो जाता है. जहां-जहां कांग्रेस की सरकार वहां-वहां नक्सलवाद पनपता है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं आप भरोसा क्यों न करूं, आपने ही तो भाजपा के झंडे को हर चुनाव में घर-घर पहुंचाया है. भाजपा ने सीमाओं को सुरक्षित करने का काम किया है. उन्होंने अपने संबोधन के दौरान सर्जिकल और एयर स्ट्राइक का भी उल्लेख किया. पहले दुनिया में दो देश थे, जो अपने दुश्मनों को उन्ही के देश में घुसकर मारते थे. अब उसमें भारत भी शामिल है.
संबोधन के दौरान राम मंदिर के मसले पर उन्होंने कहा कि हम राम मंदिर वहीं बनाएंगे. 22 एकड़ जमीन श्रीराम जन्मभूमि न्यास को देने का निर्णय लिया है. कांग्रेस से पूछना चाहिए कि राम मंदिर अयोध्या में बनना चाहिए कि नहीं, लेकिन वो जवाब नहीं देंगे. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बनाइए हम पूरे देश से घुसपैठियों को चुन चुन कर निकालेंगे.
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि राजीव गांधी ने एक बार हमारी पार्टी पर तंज कसा था कि हम 2 हमारे 2, आज उनकी पार्टी 400 से 44 पर आ गयी है और हम 2 से 282 पर पहुंच गए है. ये आप सबकी मेहनत का फल है. अटल जी ने छत्तीसगढ़ को बनाया था. तब किसी ने कल्पना नहीं की थी कि घर-घर में बिजली पहुंच सकती है, हर घर में चावल देकर भूख दूर करने वाली कोई सरकार हो सकती है. गरीब आदिवासी भाई बहनों के बच्चों को कोई शिक्षित बना सकता है. भाजपा की सरकार ने यहां ये सब किया है. छत्तीसगढ़ के एक-एक कार्यकर्ता को यहां के हर एक मतदाता से संपर्क करना है और उन तक भाजपा की विचारधारा को पहुंचाना है.
