राजनांदगांव / छत्तीसगढ़ राज्य आजीविका मिशन ‘‘बिहान‘‘ (एन.आर.एल.एम.) अंतर्गत आज श्रीमती तनूजा सलाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, राजनांदगाँव द्वारा विकासखण्ड डोंगरगाँव अंतर्गत स्व सहायता समूह द्वारा संचालित के विभिन्न आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया गया।
जिसमें ग्राम पैरी के जय माँ भवानी स्व सहायता समूह द्वारा संचालित अगरबत्ती निर्माण गतिविधि का निरीक्षण किया गया। वहाँ उपस्थित समूह की महिला सदस्यों से अगरबत्ती निर्माण के संबंध में पैकेजिंग, आय-व्यय के संबंध में चर्चा की गई तथा उन्हें वृहद स्तर पर इन कार्याें को करने एवं आकर्षक पैकेजिंग हेतु टिप्स दिए गए। अगले क्रम में ग्राम अर्जुनी के हर हर महादेव स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती चम्पा धनकर द्वारा संचालित बकरी पालन गतिविधि का निरीक्षण किया गया, उनके द्वारा वर्तमान में लगभग 50 बकरियाँ हैं, जो उनकी आजीविका का मुख्य स्रोत भी है। इसके साथ ही उनके द्वारा बैकयार्ड पोल्ट्री एवं निवास के समीपस्थ मत्स्य पालन गतिविधि भी की जा रही है। उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 50 हजार रू. की आमदानी हो रही है। इसके पश्चात् ग्राम दीवानभेड़ी स्थित संगवारी सेनेटरी नेपकिन यूनिट का भी भ्रमण किया गया। समूह की महिलाओं द्वारा सेनेटरी नेपकिन के पैकेजिंग यूनिट, प्रचार-प्रसार एवं आय-व्यय के संबंध में चर्चा की गई। महिलाओं द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार आज पर्यन्त उनके द्वारा लगभग 15.00 लाख के सेनेटरी नेपकिन का व्यवसाय किया गया है, जिससे उन्हें लगभग 2.00 लाख की शुद्ध बचत हुई है तथा ग्रामीण अंचलों की महिलाओं में बेहतर स्वास्थ्य एवं जागरूकता के प्रति रूझान बढ़ा है।
