नई दिल्ली / देश का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने सभी एटीएम (ATM) कार्डधारकों को बड़ा तोहफा दिया है.
एसबीआई ने 30 जून तक फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या से अधिक होने पर लगने वाले एटीएम सेवा शुल्क को माफ करने का निर्णय लिया है. बता दें कि 24 मार्च को वित्त मंत्री (Finance Minister) निर्मला सीतारमण ने घोषणा की थी कि बैंक के ग्राहक द्वारा किसी भी अन्य बैंक के एटीएम से 3 महीने तक यानी 30 जून तक नकद निकासी पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा.
SBI ने ट्वीट जानकारी दी कि 24 मार्च को वित्त मंत्री द्वारा की गई घोषणा के मद्देनजर, भारतीय स्टेट बैंक ने 30 जून तक मुफ्त लेनदेन की अधिक संख्या के कारण SBI के एटीएम और अन्य बैंक के एटीएम पर किए गए सभी लेनदेन के लिए एटीएम शुल्क माफ करने का निर्णय लिया है.
बता दें कि बैंक कुछ ही संख्या में एटीएम की फ्री ट्रांजैक्शन हर महीने अपने ग्राहकों को देते हैं लेकिन जैसे ही फ्री ट्रांक्जैक्शन खत्म होता है बैंक आगे के ट्रांजेक्शन के लिए पैसा काटने लगते हैं. ज्यादातर बैंक 5 से 8 फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन देते हैं. इसके बाद बैंक चार्ज वसूलता है. एटीएम ट्रांजैक्शन चार्ज की बात करें तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सेविंग अकाउंट पर 8 फ्री ट्रांजैक्शन देता है. जिसमें तीन ट्रांजैक्शन का उपयोग आप दूसरे बैंक के एटीएम के लिए कर सकते हैं. हालांकि छोटे शहरों में एसबीआई 10 ट्रांजैक्शन देता है.
आरबीआई के नियम के मुताबिक एटीएम ग्राहक को हर महीने 5 ट्रांजैक्शन के लिए शुल्क नहीं देना पड़ता है, लेकिन इससे ऊपर यानी छठे ट्रांजैक्शन पर बैंक चार्ज वसूलता है. RBI ने यह भी स्पष्ट किया कि नॉन-कैश ट्रांजैक्शन जैसे बैलेंस चेक, फंड ट्रांसफर को भी ATM ट्रांजैक्शन नहीं माना जाए.
