कोरिया / श्रावण मास के तीसरे सोमवार को आज जिला मुख्यालय प्रेमाबाग मंदिर परिसर से छुरीगढ़ पवित्र धाम मे जलाभिषेक करने बोलबम के जयकारों के साथ कांवर यात्रा निकाली गई। कांवर यात्रा का शुभारंभ संसदीय सचिव श्रीमती अम्बिका सिंगदेव और पूर्व केबिनेट मंत्री भईया लाल राजवाड़े के द्वारा किया गया।
कांवर यात्रा सुबह 9.30 बजे बैकुन्ठपुर के गेज नदी से जल भरकर प्रेमाबाग स्थित मन्दिर में पूजा अर्चना कर रवाना हुई। बैकुन्ठपुर से 13 किलोमीटर छुरीगढ़ पावन धाम की यात्रा के दौरान कावरिया मस्ती में दिखे और ढोल नगाड़ों के मध्य नाचते गाते हुए दिखे। जिले के छुरीगढ़ पवित्र धाम मे जलाभिषेक व कांवर यात्रा के इस खास आयोजन की खास बातें यह है कि यह यात्रा लगभग 22 वर्षो से देवरहा सेवा समिति के द्वारा निकाला जा रहा है। 13 किलोमीटर पैदल यात्रा कर छुरीगढ़ के पवित्र धाम पहुँचे श्रद्धालु पहाड़ी पर चढ़ कर भोलेनाथ का जलाभिषेक व पूजा अर्चना किया।
इस आयोजन में देवरहा सेवा समिति के अध्यक्ष शैलश शिवहरे, सुभाष साहू, आशीष शुक्ला, अनिल खटीक, घनश्याम साहू, अजय नामदेव, महेंद्र वैद्य, मिंकू सोनी, अरविंद सिंह डब्लू, धनेंद्र मिश्रा, अनुराग दुबे, प्रभाकर सिंह, अभय दुबे इत्यादि लोग शामिल हुए।






