धमतरी जिले में रामनवमी की शोभायात्रा में हुई युवक की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस 6 युवकों को पकड़ा है। जिन्होंने मिलकर युवक को पहला पीटा था। फिर चाकू गोदकर उसकी जान ली थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
10 अप्रैल को रामनवमी पर्व पर शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। इसी शोभायात्रा में शामिल होने संबलपुर का रहने वाला सोनू नेताम(20) भी आया था। सभी रात के वक्त नाचने गाने में व्यस्त थे। सोनू भी सबके साथ नाच गा रहा था। इसी दौरान जब यात्रा चमेली चौक के पास पहुंची। उसी वक्त किसी ने सोनू पर एक के बाद एक 6 से 7 बार चाकू से वार किया और भाग गए थे। वारदात के बाद सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद से पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मगर शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ खास सफलता हाथ नहीं लगी थी।
तब पुलिस ने आस-पास लगे करीब 700 सीसीटीवी फुटेज जांचे थे। जिसके बाद करीब 55 से 60 लोगों से अलग-अलग पूछताछ भी की गई थी। इसी पूछताछ में ये पता चला कि सोनू का हेमेन्द्र देवांगन उर्फ बड़े बाउ के साथ उस रात को विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों के बीच मारपीट हुई थी। इसी के चलते हेमेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे मारा है।
पुलिस ने पहले हेमेंद्र को हिरासत में लिया। पूछताछ में ही उसने अपना जुर्म कबूल किया है। जिसके बाद उसके 5 और साथियों को भी पकड़ गया है। पूछताछ में सभी ने झगड़े के चलते युवक की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस ने इन आरोपियों से मारपीट में इस्तेमाल बेस बॉल स्टिक और चाकू बरामद किया है। पुलिस ने इस केस में हेमेंद्र(25), सागर ढीमर(21), चन्द्रशेखर ध्रुव(20),अजय देवांगन(24) और ओंकार रजक(20) को गिरफ्तार किया है।
