Advertisement Carousel

राहुल गांधी को पता ही नहीं है कि भारत एक राष्ट्र है। ऐसे लोग राष्ट्रवाद की क्या बात करेंगे? डा रमन

रायपुर / प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के आठ साल के कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताने के साथ ही राज्य सरकार की नाकामियों को भी उजागर किया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा रमन सिंह ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। डा रमन ने कहा कि राहुल गांधी को पता ही नहीं है कि भारत एक राष्ट्र है। ऐसे लोग राष्ट्रवाद की क्या बात करेंगे? डा रमन ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद देश में राष्ट्रवाद की भावना मजबूत हुई है।

राज्य सरकार को भाजपा ने घेरा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद राज्यों का बजट बढ़ा है। पिछले बजट की तुलना में आठ हजार करोड़ स्र्पये ज्यादा मिला है। राज्य सरकार ने गरीबों का आवास छीन लिया। जल जीवन मिशन की राशि में बंदरबांट शुरू हो गई है। आयुष्मान भारत को राज्य सरकार लागू नहीं कर रही है।

डा रमन ने कहा कि भाजपा एक महाशक्ति के रूप में उभरकर सामने आई है। डा रमन ने कांग्रेस की स्थिति को लेकर आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सूरज अस्त हो रहा है। देश में पिछले आठ साल में हुए राज्यों के चुनाव में 680 सीट में कांग्रेस उम्मीदवार सिर्फ 56 सीट ही जीत पाए। डा रमन से जब यह सवाल किया गया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों में भाजपा किसे चुनौती के रूप में देखती है, तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में चौथे-पांचवें स्थान के लिए संघर्ष कर रही है। उत्तर प्रदेश में पांचवें, बिहार में तीसरे-चौथे स्थान पर है। बड़े राज्यों में क्षेत्रीय दलों से भी पीछे है।

लोकसभा के साथ-साथ कई राज्यों में कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष बनाने की स्थिति में नहीं है। जिन राज्यों में कभी कांग्रेस थी, अब वहां गिनती के विधायक बचे हैं। अब तो यह हाल है कि कांग्रेस का ट्रेनर (पीके) ही भाग गया। पीके बोलते हैं कि कांग्रेस में कुछ बदलाव नहीं हो सकता है। डा रमन ने कहा कि भाजपा का मुकाबला अब कांग्रेस से नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग दल प्रतिद्वंदी हैं।

error: Content is protected !!