Advertisement Carousel

सनकी प्रेमी ने ली प्रेमिका की जान, सिर पर हथौड़ा मारकर की हत्या, फिर की खुदकुशी

रायपुर / छत्तीसगढ़ के रायपुर में बुधवार तड़के 12 साल पुरानी प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 की एक महिला कर्मचारी की उसी के प्रेमी ने दूसरे से संबंध होने के शक पर हथौड़ा और ब्लेड मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी उसने उसी कमरे में फांसी लगा ली। 

बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान पड़ोसी उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आरोपी ने नहीं सुना। सूचना मिलने पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।

कमलेश ने 08 से 10 जगह मारी ब्लेड

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कमलेश ने अर्चना के गर्दन, चेहरा और हाथ में ब्लेड मारी। इसके बाद खुद के हाथ के कलाई की नश काट ली। अर्चना ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती से मदद की गुहार लगाई, लेकिन तब तक कमलेश उसे कमरे में खींच कर ले गया। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुरानी बस्ती थाना पुलिस को दी।

पुलिस के मुताबिक, मरने वाली महिला का नाम अर्चना साहू है। वह करीब 5 साल से डायल-112 में काम कर रही थी। उसका आरोपी कमलेश साहू से प्रेम प्रसंग था। दोनों ही दुर्ग के फेकारी गांव के रहने वाले थे। पुलिस को आरोपी कमलेश के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इससे ही दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई है। दोनों ने शादी नहीं की थी। अर्चना पुरानी बस्ती के बंधवापारा में किराये के मकान में रहती थी। वहीं कमलेश का भी लगातार आना-जाना था।

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले से कमलेश को अर्चना के किसी अन्य व्यक्ति से संबंधों को लेकर शक था। इस बात से वह काफी परेशान रहता था। दोनों के बीच इस बात पर विवाद भी हो चुका था, लेकिन शक के चलते कमलेश मंगलवार रात करीब 3.30 बजे अर्चना के मकान में पहुंच गया। शोर सुनकर पड़ोसियों की भी नींद खुल गई। उन्होंने दोनों को समझाने का भी प्रयास किया, पर कमलेश के सिर पर खून सवार था। कमलेश ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

इसके बाद पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अर्चना पर हथौड़े और ब्लेड से वार किया गया था। वहीं कमलेश का शव चादर के सहारे फांसी से लटक रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद कमरे को सील कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

error: Content is protected !!