जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ पुलिस ने बीट क्वाईन के नाम पर 06 लाख ठगी करने वाले 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियो ने 03 साल में 100 गुना ग्रोथ का वादा किया था। जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने 06 लाख रूपये दे दिया मगर उसे ठगी का अहसास होने पर पैसे वापस मांगने गया तब आरोपियों ने धमकाते हुए पैसे वापस देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद 04 अगस्त को पीड़ित ने एफआईआर दर्ज कराया।
मिली जानकारी के अनुसार नवागढ़ थाना क्षेत्र के कुटरा गांव निवासी मनोज कुमार आरले ने 04 अगस्त को थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराया कि ग्राम पोड़ी राछा के श्रीकांत आशिकर (30), चंद्रकांत आशिकर (28), रंजित माथुर (22), गनपत साहू एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा बीट क्वाईन खरीदने पर तीन साल के भीतर 6 से 7 करोड़ रूपये रिटर्न का झंसा देकर उससे 6 लाख रूपये की ठगी की गई है। इस साथ ही आरोपियो के द्वारा पीड़ित मनोज के मोबाईल नंबर को छेड़छाड़ कर यूपीसी कोड निकालकर गनपत साहू निवासी पोडी के नाम पर करा लेने तथा सभी आरोपी मिलकर पैसा वापस करने के बहाने राछा भाठा स्थित एक्शन बुट हाउस में बुलाकर प्रार्थी एवं इसकी पत्नी को अश्लील गाली गलौच कर हाथ मुक्का से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरूद्ध आईपीसी की धारा 420, 147, 294, 506, 323, 4 120बी पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपियों 01. श्रीकांत आशिकर उम्र 30 वर्ष 02. चंद्रकांत आशिकर उम्र 28 वर्ष 03 रंजीत माथुर उम्र 22 वर्ष 04 गनपत साहू उम्र वर्ष 05 पुरूषोत्तम दास वैष्णव उम्र 45 वर्ष एवं 06 लालचंद साहू उम्र 45 वर्ष सभी निवासी पोंडी को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपना जुर्म स्वीकार करने पर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

