रायपुर / लोगों को साइबर क्राइम से बचाने के साथ स्मार्ट बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस लगातार कार्य कर रही है। रायपुर साइबर सेल के बैनर तले 15 से 21 अगस्त तक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को साइबर सुरक्षा के टिप्स दिए जा रहे हैं। रायपुर पुलिस के इस अभियान अब बालीवुड अभिनेता सोनू सूद जुड़ गए हैं। उन्होंने 37 सेकंड का वीडियो जारी किया है, जिसमें वह रायपुर पुलिस की इस जागरूकता मुहिम की तारीफ कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इस वीडियो में सोनू लोगों से साइबर क्राइम से खुद को बचाने के साथ दूसरों को जागरूक करने की अपील कर रहे हैं।
सोनू सूद ने यह कहा-
बालीवुड अभिनेता सोनू सूद ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि सबसे पहले मैं रायपुर पुलिस को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने बहुत ही कमाल की मुहिम शुरू की है- सुनो रायपुर। हम लोग देखते हैं कि साइबर क्राइम इतना बढ़ गया है कि मासूम लोगों को ठगा जाता है। जितने लोग इस साइबर क्राइम का शिकार हुए हैं, वे दूसरे लोगों को जागरूक करें। 1930 डायल कर इसकी जानकारी दें। साथ ही साइबर क्राइम से कैसे बच सकते हैं, इसके बारे में एक-दूसरे को जानकारी दें।
एएसपी साइबर क्राइम अभिषेक माहेश्वरी का कहना है कि आनलाइन पेमेंट्स और ई-कामर्स के बढ़ते दौर में लोगों का साइबर स्मार्ट होना बेहद जरूरी है। कई बार लोग साइबर ठगों के चंगुल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा देते हैं। राजधानी रायपुर में लोग साइबर ठगों के जाल में फंसने से बच सकें। इसलिए साइबर सेल लगातार शहर और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल-कालेज, कंपनियों, फैक्ट्री, अस्पतालों, ग्राम पंचायतों समेत ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर चौपाल का आयोजन कर रही है, जहां बड़ी संख्या में लोगों को साइबर सिक्योरिटी के टिप्स दिए जा रहे हैं। स्कूल-कालेज में जाकर वालेंटियर्स छात्र-छात्राओं को ठगों से सतर्क रहने के गुर सिखा रहे हैं। इसके साथ ही साइबर एक्सपर्ट भी समय-समय पर कार्यशाला से जुड़कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और उनके सवालों के जवाब दे रहे हैं। साइबर सेल के फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज से जुड़कर लाइव सेशन के जरिए भी साइबर एक्सपर्ट लोगों को साइबर क्राइम की जानकारी देकर बचने के तरीके बता रहे हैं।
