दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि, शख्स ने अपनी पत्नी से शराब मांगी थी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी समय इनका नाबालिग बेटा भी मौके पर पहुंच गया। जिसने कुल्हाड़ी से अपने पिता के पीठ और कंधे पर वारकर उसे काट डाला। पुलिस ने नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है। मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के हिड़पाल गांव का है। इस गांव का रहने वाला माटा कश्यप (45) 23 फरवरी की रात अपनी पत्नी के साथ घर पर ही आग जलाकर बैठा हुआ था। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को कहा कि, मुझे महुआ शराब पीनी है, शराब दे दो। फिर पत्नी ने उसे शराब देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर इन दोनों के बीच में विवाद होना शुरू हो गया।
गाली-गलौज की आवाज सुनकर इनका नाबालिग बेटा घर से बाहर निकाल। इसने पहले अपने पिता को झगड़ा न करने समझाया। लेकिन जब विवाद बढ़ता गया तो गुस्से में आकर घर पर रखे कुल्हाड़ी से अपने पिता पर वार कर दिया। बेटे ने अपने पिता को कुल्हाड़ी से कंधा, पीठ समेत शरीर के अन्य जगह पर वारकर मार डाला। इसके बाद परिजनों ने खुद ही इस मामले की जानकारी बारसूर पुलिस को दी। वहीं 24 फरवरी को पुलिस ने नाबालिग को पकड़ लिया। इसे न्यायिक रिमांड पर बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस ने आज 25 फरवरी को मामले का खुलासा किया है।
