रायपुर। राजधानी पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 277 वारंटियों को तामिल कर कंट्रोल रूम में क्लास लगाई। इस दौरान वैधानिक कार्रवाई भी की गई है। बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले के नेतृत्व में रायपुर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों को स्थायी-अस्थायी वारंटों की तामिली करने का निर्देश दिया गया था।
जिसके तहत सभी नगर पुलिस अधीक्षकों के पर्यवेक्षण में सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने थानों के बलों के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 24 घंटे के दौरान अलग-अलग थानों के हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धोखाधड़ी एवं विभिन्न गंभीर अपराधों के 102 स्थायी वारंट एवं 175 अभियुक्त गिरफ्तारी वारंट इस प्रकार कुल 277 स्थायी-अस्थाई गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इसके साथ ही 175 से अधिक गुण्डा, बदमाशों की भी चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान कुछ गुण्डा, बदमाशों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही भी की गई।
