बिलासपुर। न्यायधानी से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। घर में देर रात मां के बगल में सो रही नवजात बच्ची रहस्यमई तरीके से गायब हो गई। कमरे में परिवार के बाकी सदस्य भी थे। दरवाजा भी अंदर से बंद था, लेकिन रात को बच्ची गायब हो गई, जिससे हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के किरारी गांव का है। यहां रहने वाले एक किसान परिवार के घर से 2 बजे रात को 24 दिन की एक नवजात बच्ची गायब हो गई। मां देर रात दूध पिलाने के लिए उठी, तब मासूम को बिस्तर से गायब देख हैरान रह गई। इस पर वह अपने पति और परिवार के सदस्यों को इस घटना की जानकारी दी।
पूछताछ में गुम बालिका की मां ने बताया कि उसकी 3 बेटियां हैं, जिसमें से सबसे छोटी बेटी को रात्रि 2 से 2.30 के बीच बिस्तर से गायब है। घर में प्रवेश करने का एक दरवाजा है और छत में एक दरवाजा है। घर वालों ने बताया कि सोने से पहले दोनों दरवाजों को खुद ही अंदर से बंद किया और खोला। फिलहाल, घटना के संबंध में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है
