राखड़ उड़ान से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, NTPC अधिकारियों पर फेंका राख



डैम बंद कराने अड़े ग्रामीण, CISF ने मुश्किल से बचाया अधिकारियों को

कोरबा। छुरी नगर के समीप स्थित धनरास गांव में एनटीपीसी कोरबा के राखड़ डैम से हो रही लगातार राख उड़ान ने ग्रामीणों को इस कदर परेशान कर दिया कि शुक्रवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा। डैम से प्रभावित ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने NTPC अधिकारियों के मुंह पर राखड़ फेंक दिया और तीखे शब्दों में कहा – “जरा आप भी चखिए राख का स्वाद…”

इससे पहले ग्रामीणों ने तीन दिनों तक धरना प्रदर्शन कर डैम से हो रही समस्या का विरोध किया था। गुरुवार को उन्होंने डैम का कार्य भी बंद करा दिया था। शुक्रवार को जब एनटीपीसी के अधिकारी ग्रामीणों से बात करने पहुंचे तो माहौल गरमा गया। महिलाएं गुस्से में आ गईं और मौके पर बिखरी राख उठाकर अधिकारियों पर फेंक दी।

CISF के जवानों ने स्थिति को संभालते हुए अधिकारियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला, वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाइश देते रहे, लेकिन महिलाओं का आक्रोश इतना अधिक था कि वे किसी भी बात को सुनने को तैयार नहीं थीं।

ग्रामीणों का कहना है कि राखड़ उड़ान से उन्हें सांस लेने में तकलीफ, खेतों की बर्बादी और बच्चों के बीमार पड़ने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन NTPC द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:

  • राखड़ डैम को बंद किया जाए
  • प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए
  • स्वास्थ्य परीक्षण और राहत शिविर लगाया जाए

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा जन आंदोलन करेंगे।

error: Content is protected !!