हर वार्ड में दो बार होंगे चौपाल, जनता की समस्याओं का होगा सीधा समाधान
रायपुर, 10 जुलाई।
“जनप्रतिनिधि मंच से नहीं, जनता के बीच जाकर जिम्मेदारी निभाए” — इस मूलमंत्र को साकार करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने वीर सावरकर वार्ड के हीरापुर क्षेत्र से जन चौपाल कार्यक्रम का आगाज किया। मूणत ने घोषणा की कि रायपुर पश्चिम के प्रत्येक वार्ड में वर्ष में दो बार जन चौपाल आयोजित होंगे, जहां जनता सीधे अपनी समस्याएं रख सकेगी और उनका समाधान मौके पर ही सुनिश्चित किया जाएगा।
डेढ़ साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया
विधायक मूणत ने इस मौके पर वीर सावरकर वार्ड में पिछले डेढ़ वर्ष में हुए विकास कार्यों का लेखाजोखा भी जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में कुल 7543.87 लाख रुपये के कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 4840.49 लाख रुपये के कार्य निविदा स्तर पर हैं।
अब तक 3 लाख रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 111 लाख के कार्य प्रगति पर हैं। अप्रैल और मई में कुल 199.89 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन हो चुका है, जबकि 2389.49 लाख के कार्यों का भूमिपूजन आगामी है।
हीरापुर को मिलेगा नया सामुदायिक भवन
हीरापुर के नागरिकों की मांग पर विधायक ने पहले से स्वीकृत 10 लाख रुपये की राशि में 15 लाख रुपये की और वृद्धि करते हुए 25 लाख रुपये की लागत से नए सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने इसे “जनता की प्राथमिकता और सुविधा” से जोड़ते हुए जरूरी बताया।
दिव्यांग बालिकाओं के लिए शयन कक्ष की घोषणा
एनआरबी प्रेरणा गुरुकुलम विद्यापीठम में दृष्टिबाधित बालिकाओं की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त शयन कक्ष के निर्माण हेतु भी 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। मूणत ने इसे “समाज के प्रति नैतिक कर्तव्य” बताया।
जनता से भावनात्मक जुड़ाव और सख्त अल्टीमेटम
चौपाल में जब भीड़ अधिक हो गई और कई लोग अपनी बात नहीं रख पाए, तो मूणत ने कहा, “जब तक अंतिम व्यक्ति की बात नहीं सुन लूंगा, यहां से नहीं जाऊंगा।” उन्होंने रात 8 बजे तक जनता से संवाद जारी रखा।
वहीं समस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने अफसरों को चेतावनी दी: “अगर सड़क-नाली नहीं बनी, तो मैं खुद कैमरे से सबूत लूंगा।”
वीडियोग्राफी से निगरानी, शिकायतों का डिजिटल ट्रैकिंग
मूणत ने निर्देश दिए कि जिन बस्तियों में मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं, उनकी वीडियोग्राफी कर रिपोर्ट नवंबर तक प्रस्तुत की जाए। उन्होंने नागरिकों से भी आग्रह किया कि ऐसे स्थानों का वीडियो बनाकर कार्यालय तक पहुंचाएं। शिकायत के आवेदन में मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से देने को कहा गया, ताकि शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी सीधे दी जा सके।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर जांच के निर्देश भी दिए गए।
जन चौपाल में रही विभिन्न विभागों की मौजूदगी
कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त, ज़ोन-8 कमिश्नर, स्वास्थ्य अधिकारी, विद्युत, महिला बाल विकास, लोक निर्माण, जल प्रदाय, राजस्व, नगर निवेश व पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा के कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
आगामी जन चौपाल कार्यक्रमों की सूची
विधायक मूणत ने ज़ोन क्रमांक 1, 5, 7 और 8 के आयुक्तों को पत्र लिखकर सभी चौपालों में सभी विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है। आगामी चौपाल की तिथियां निम्नानुसार हैं:
| तिथि | वार्ड | समय | स्थान |
|---|---|---|---|
| 11 जुलाई | माधवराव सप्रे वार्ड | शाम 4 बजे | रायपुरा, पार्षद कार्यालय |
| 12 जुलाई | वीर शिवाजी वार्ड | दोपहर 12 बजे | शीतला मंदिर परिसर |
| 12 जुलाई | ठाकुर प्यारेलाल वार्ड | शाम 4 बजे | डंगनिया स्कूल प्रांगण |
| 13 जुलाई | संत रविदास वार्ड | दोपहर 12 बजे | सरोना, पार्षद कार्यालय |
| 14 जुलाई | ठक्कर बापा वार्ड | शाम 4 बजे | गांधी नगर, मुर्रा भट्ठी |
