एक शर्ट… और परीक्षा छूटने से बच गई! फोटो जर्नलिस्ट दीपक पांडे ने दिखाया इंसानियत का बड़ा रूप



रायपुर|

रविवार को रायपुर के जे.आर. दानी स्कूल में व्यापम द्वारा आयोजित सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में एक असाधारण मानवीय दृश्य सामने आया। जब एक युवा उम्मीदवार को महज उसकी ड्रेस – काले रंग की शर्ट – के कारण परीक्षा से वंचित किया जा रहा था, तभी वहां मौजूद नवभारत के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट दीपक पांडे ने जो किया, वह किसी प्रेरणा से कम नहीं।

परीक्षा के नियमानुसार परीक्षार्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनने थे, पर युवक अंजाने में काले शर्ट में पहुंचा। गेट पर रोक दिए जाने के बाद युवक का चेहरा मायूसी से भर गया। तभी कवरेज के लिए वहां मौजूद दीपक पांडे जी ने बिना एक पल गवांए युवक के पास जाकर उसकी पीठ पर हाथ रखा और कहा—
“बेटा, ये मेरी शर्ट पहन लो… और जाकर परीक्षा दो।”

युवक ने आश्चर्य और भावुकता से दीपक जी की शर्ट ली, तुरंत बदली और शांत मन से परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर गया।

यह घटना मामूली दिख सकती है, लेकिन आज के दौर में, जब समाज में संवेदनशीलता कम होती जा रही है, दीपक पांडे जी का यह छोटा सा त्याग बड़ा संदेश दे गया—
इंसानियत अब भी जिंदा है।

आमतौर पर लोग “यह मेरा काम नहीं” कहकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन दीपक पांडे जैसे लोग हमें यह सिखाते हैं कि इंसान होने का असली मतलब क्या होता है।

नवभारत परिवार को गर्व होगा कि ऐसे बड़े दिल वाले साथी उनके बीच हैं।


error: Content is protected !!