रायपुर, 2 अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ ने आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के सफल क्रियान्वयन में बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए देशभर में उपचार प्रदान करने के मामलों में चौथा स्थान हासिल किया है। यह राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं में समावेशी और सुलभ दृष्टिकोण की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
राज्य ने इस योजना को शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के साथ एकीकृत कर बेहतर स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था विकसित की है। इस पहल से 78 लाख से अधिक लाभार्थियों को सार्वजनिक और निजी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज का लाभ मिल चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सार्वजनिक अस्पतालों में इलाज कराने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो राज्य सरकार के स्वास्थ्य ढांचे पर जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वय वंदन योजना’ बनी सहारा
राज्य में बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती देने के लिए वय वंदन योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। अब तक 4.5 लाख से अधिक वय वंदन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे लगभग 48% राशन कार्डधारी वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं।
पंजीयन और जनसंपर्क को मजबूत बनाने के लिए आशा कार्यकर्ता, ग्राम सभाएं, शहरी स्वास्थ्य मंच, वृद्धाश्रम और कॉलोनियों में विशेष अभियान चलाए गए। इसके अलावा, 104 हेल्पलाइन सेंटर के माध्यम से निरंतर संपर्क और सहायता दी जा रही है।
राज्य सरकार ने छह जिलों को ‘वय मित्र जिला’ के रूप में चिह्नित कर बुजुर्गों की स्वास्थ्य सेवा को और प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया है।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के हर नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं समय पर प्राप्त हों।
