बालोद। राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने शुक्रवार को बालोद जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले में निवासरत अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से भेंट कर केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
गुरुद्वारा पहुंचकर श्री छाबड़ा ने मत्था टेका। गुरुसिंह सभा प्रबंधक कमेटी ने उन्हें सिरोपा भेंटकर सम्मानित किया। सिक्ख समाज के साथ चर्चा में उन्होंने बताया कि आगामी नवंबर माह में गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस ऐतिहासिक रूप से मनाने के लिए आयोग द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महावीर भवन में जैन समाज के प्रमुखजनों से मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि चातुर्मास से पूर्व मंगल विहार के समय जैन साधु-संतों व साध्वियों को सुरक्षित धार्मिक वातावरण देने के लिए आयोग ने विशेष पहल की है।
भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अकबर तिगाला, छाया विधायक राकेश यादव और अन्य कार्यकर्ताओं ने श्री छाबड़ा का स्वागत किया।
विश्राम गृह में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने उनसे भेंटकर समाज की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर शहीद खान, कासिम कुरैशी, जावेद तिगाला, हाजी सलीम तिगाला, ताहिर ताज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
