रायपुर, 23 अगस्त।
रायपुर पश्चिम के ऐतिहासिक रामसागर पारा में रविवार को पारंपरिक पोरा तिहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मेन रोड पर बैल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों बैल जोड़ियों ने भाग लिया और दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
कार्यक्रम के संरक्षक एवं रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने परंपरा निभाते हुए स्वयं बैल जोड़ी लेकर दौड़ लगाई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा में बैलों का योगदान अमूल्य है, इसलिए यह पर्व बैलों के सम्मान का प्रतीक है।
प्रतियोगिता में सभी बैल जोड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ बैल जोड़ी को ₹6100, प्रथम जोड़ी को ₹5100, द्वितीय जोड़ी को ₹4100 तथा अन्य सभी बैल मालिकों को ₹3100 की प्रोत्साहन राशि दी गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र और उपहार प्रदान किए गए।
इस मौके पर बैलों को पारंपरिक ढंग से सजाया गया और उनके ऊपर आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों ठेठरी, खुरमी और चीला के साथ पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के साथ शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिरीश दुबे, विजय साहू, ऋषि साहू, शत्रुघ्न निषाद, पोतू राम साहू, मंगल राम साहू, प्रीतराम साहू, प्रहलाद मिश्रा, सियाराम अग्रवाल, फागुराम राम साहू, आनंद राम साहू, मोहन साहू, श्याम रत्न साहू, हरीश साहू, विवेक उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे
