वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, पुलिस ने बरामद किया फर्जी पहचान पत्र
रायपुर। राजधानी रायपुर की आमानाका पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (I.B) का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद पहचान पत्र को जांच में फर्जी पाया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
वाहन चेकिंग में खुला राज
रविवार देर रात चंदनडीह चौक नंदनवन जीई रोड के पास थाना आमानाका की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार एक्टिवा (क्रमांक MP04YJ1386) को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम विशाल कुमार (29 वर्ष), पिता राजीव कुमार, निवासी भोपाल, हालपता रायपुर बताया। पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की जाने लगी तो उसने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो का अधिकारी बताया और एक पहचान पत्र दिखाया।
पहचान पत्र निकला फर्जी
आरोपी द्वारा दिखाया गया आईडी कार्ड प्रथम दृष्टया ही संदिग्ध लग रहा था। जब पुलिस ने इसकी तस्दीक की तो यह पूरी तरह फर्जी पाया गया। जांच में सामने आया है कि विशाल कुमार इसी फर्जी आईडी कार्ड का उपयोग कर लोगों पर रौब झाड़ता था और उन्हें गुमराह करता था।
अपराध दर्ज
घटना के बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया। थाना आमानाका में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 286/25 धारा 319(2), 336(3), 340(2) BNS एवं 184 मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का अभियान
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा प्रतिदिन विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान यह महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी।
गिरफ्तार आरोपी
- नाम – विशाल कुमार
- पिता का नाम – राजीव कुमार
- उम्र – 29 वर्ष
- स्थायी पता – श्रीनिवास रेजीडेंसी, नर्मदापुरम रोड, भोपाल (म.प्र.)
- हालपता – टैगोर नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर (छ.ग.)
