Advertisement Carousel

हिस्ट्रीशीटर कोंदा हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से गिरफ्तार, हथियार भी बरामद


टिकरापारा पुलिस और एण्टी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टिकरापारा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शेख साहिल उर्फ कोंदा को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई नेटवर्क में पेडलिंग का काम करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, नशे की खरीदी-बिक्री में प्रयुक्त मोबाइल फोन और बैंक ऑफ बड़ौदा की पासबुक जब्त की है।


पुलिस के अनुसार आरोपी कोंदा के खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल 25 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


करोड़ों की हेरोइन जब्त
इससे पहले पुलिस ने पंजाब के अंतर्राज्यीय तस्करों सहित 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), कई मोबाइल फोन, क्रेटा कार, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड और चेकबुक जब्त किए गए थे। जब्त हेरोइन की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।


अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अंतर्राज्यीय तस्करों और स्थानीय नेटवर्क को तोड़ने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 600/25 धारा 21सी, 27, 27(क), 29 नारकोटिक एक्ट, 111 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।

error: Content is protected !!