नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी, डीआरजी-एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ नेशनल पार्क क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, जो देर शाम तक रुक-रुक कर जारी रही। अब तक छह नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ स्थल से अब तक ऑटोमैटिक हथियार, इंसास राइफल, स्टेनगन, .303 रायफल, विस्फोटक सामग्री और बड़ी मात्रा में माओवादी साहित्य बरामद हुआ है।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से छह माओवादियों के शव बरामद हुए हैं। सुरक्षाबलों की कार्रवाई अभी भी जारी है और पूरे इलाके में सघन सर्चिंग की जा रही है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी. ने कहा कि आज का अभियान सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा —
“यह अभियान ऐसे समय में सफलता दे रहा है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है।”
उन्होंने बताया कि DRG, STF, बस्तर फाइटर्स, CRPF और CAF की अतिरिक्त टीमें आसपास के क्षेत्रों में भेजी गई हैं ताकि भागे हुए माओवादियों की घेराबंदी की जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन अभी भी जारी है, इसलिए मुठभेड़ स्थल की सटीक लोकेशन और बलों की संख्या सुरक्षा कारणों से फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
