Advertisement Carousel

अबूझमाड़ में शांति की बड़ी पहल: 28 नक्सलियों ने समर्पण किया, बस्तर आईजी के समक्ष हथियार डाले


नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र से नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। मंगलवार को बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. के समक्ष कुल 28 नक्सलियों ने समर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। समर्पण करने वालों में 19 महिला और 9 पुरुष नक्सली शामिल हैं। इनमें से 2 पुरुष और 1 महिला नक्सली ने अपने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है।


आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि अबूझमाड़ डिवीजन में सक्रिय नक्सलियों का मुख्यधारा में लौटना इस क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि समर्पण करने वाले सभी नक्सलियों ने समाज में सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई है, जो बदलते माहौल और क्षेत्र में बढ़ती शांति की स्पष्ट तस्वीर पेश करता है।


इस अवसर पर मौजूद जिला कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि सभी समर्पित नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजना के तहत पूरा लाभ दिया जाएगा, ताकि वे सम्मानजनक और सुरक्षित तरीके से समाज में पुनर्स्थापित हो सकें।


लगातार हो रहे समर्पणों ने अबूझमाड़ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास की नई उम्मीदें जगा दी हैं। यह कदम न सिर्फ नक्सलियों की सोच में सकारात्मक बदलाव का संकेत है, बल्कि प्रशासन की रणनीति और प्रयासों की सफलता का भी स्पष्ट प्रमाण है।

error: Content is protected !!