रायपुर | 13 दिसंबर 2025
रायपुर पुलिस ने लाखों रुपये के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो शातिर अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने सिलतरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक व्यावसायिक परिसर स्थित मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों के मोबाइल फोन चोरी किए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 स्मार्टफोन और 1 की-पैड मोबाइल, कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये, जब्त किए हैं।
दीवार में छेद कर दिया था चोरी को अंजाम
प्रार्थी हेमंत वर्मा, सिलतरा स्थित अटल व्यावसायिक परिसर में मोबाइल शॉप संचालित करते हैं। 27 नवंबर को दुकान बंद कर पारिवारिक कार्यक्रम में दुर्ग गए थे।
28 नवंबर की सुबह दुकान खोलने पर पीछे की दीवार में बड़ा गोल छेद मिला और रैक से कई मोबाइल फोन गायब थे।
मामले में थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 599/25, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
CCTV, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से खुला मामला
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं चौकी सिलतरा की संयुक्त टीम बनाई गई।
CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ओडिशा–आंध्र प्रदेश सीमा के पास ट्रेस की गई।
ओडिशा और महाराष्ट्र के हैं आरोपी
पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया—
गिरफ्तार आरोपी:
भगतराम डोंगरी उर्फ रवि (42 वर्ष), निवासी कोरापुट, ओडिशा
मुशीर खान (44 वर्ष), निवासी पालघर, महाराष्ट्र
पूछताछ में आरोपियों ने सिलतरा के अलावा खमतराई थाना क्षेत्र के गोंदवारा स्थित मोबाइल दुकान में भी चोरी करना स्वीकार किया। इस मामले में पहले से ही अपराध क्रमांक 184/25 दर्ज है।
पुराने अपराधी, पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है।
संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना धरसींवा, चौकी सिलतरा और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
