सूरजपुर | नयनपुर
सूरजपुर जिले के नयनपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मित्तल कोल्ड स्टोरेज में काम के दौरान जर्जर दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मित्तल कोल्ड स्टोरेज में मजदूर चावल के बोरे निकालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कोल्ड स्टोरेज की पुरानी और कमजोर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए दो अन्य मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इधर, हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीण मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजा देने और कोल्ड स्टोरेज संचालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है।
