कोरबा। जिले के राजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत रावण भाटा गांव में शराब के नशे में एक युवक ने आइकॉनिक फिल्म ‘शोले’ की तर्ज पर हाई वोल्टेज ड्रामा किया। युवक जियो मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घंटों चले इस तमाशे के बाद पुलिस की समझाइश पर वह नीचे उतरा।
जानकारी के अनुसार रावण भाटा गांव निवासी करण चौहान आदतन शराबी है। शुक्रवार को शराब के नशे में घर पहुंचने के बाद उसका पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में करण घर से निकल गया और कुछ ही दूरी पर स्थित जियो मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगामार पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और पत्नी की फटकार से नाराज होकर टॉवर पर चढ़ गया था। पुलिस ने काफी देर तक समझाइश दी, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई अप्रिय हादसा नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी का माहौल जरूर बन गया।
