गरियाबंद।
छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा पर गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दडईपानी की पहाड़ियों में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटकों का बड़ा डंप बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस पार्टी को निशाना बनाने की नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।
सुरक्षाबलों को चट्टानों के नीचे छिपाकर रखा गया मोर्टार, 22 मोर्टार सेल, 150 डेटोनेटर, तीर बम तथा आईईडी बनाने की सामग्री मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नक्सली इन विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षाबलों पर बड़े हमले की तैयारी के लिए कर रहे थे।
यह कार्रवाई E-30, STF, कोबरा और CRPF की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। अभियान के दौरान इलाके की गहन तलाशी ली गई, जिसमें बारूद और हथियारों का जखीरा बरामद कर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस बरामदगी से नक्सलियों की क्षमता को बड़ा झटका लगा है। क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल पूरी तरह सतर्क हैं।
