रायपुर/कंधमाल।
छत्तीसगढ़–उड़ीसा सीमा से एक बड़ी नक्सल विरोधी कार्रवाई की खबर सामने आई है। उड़ीसा के कंधमाल ज़िले के गंजम से लगे राम्पा और गुम्मा जंगल क्षेत्र में उड़ीसा स्पेशल फोर्स SOG, सीआरपीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीमों और नक्सलियों के बीच ज़बरदस्त मुठभेड़ हुई।
इस मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर गणेश उईके मारा गया है। गणेश उईके सेंट्रल कमेटी का सदस्य और ओडिशा स्टेट कमेटी सचिव था।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार इसके सिर पर करीब एक करोड़ रुपए का इनाम घोषित था। यह लंबे समय से बस्तर और सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था और सुरक्षाबलों को इसकी तलाश थी।
दो महिला नक्सली समेत 6 मारे जाने की सूचना
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में दो महिला नक्सलियों समेत कुल 6 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना सामने आई है। फिलहाल सुरक्षाबलों ने चार नक्सलियों के शव बरामद करने की पुष्टि की है, जबकि बाकी की पुष्टि सर्चिंग पूरी होने के बाद की जाएगी।

अन्य मारे गए नक्सलियों की पहचान
बरामद शवों में
ACM बारी उर्फ राकेश (रायगढ़ा एरिया कमेटी, निवासी सुकमा)
अमृत, प्लाटून मेंबर (सप्लाई दलम, निवासी बीजापुर)
शामिल बताए जा रहे हैं। शेष नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हथियार और संचार उपकरण बरामद
मुठभेड़ स्थल से एक रिवॉल्वर, एक .303 राइफल, वॉकी-टॉकी और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
DIG ऑप्स कर रहे लगातार मॉनिटरिंग
उड़ीसा पुलिस के DIG ऑपरेशंस अखिलेश्वर सिंह पूरे ऑपरेशन की लगातार निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है और इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में उनकी गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा।
