बलरामपुर |
बलरामपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 6 करोड़ रुपये के अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजा को ट्रक में भूसा के नीचे छुपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार यह अवैध गांजा उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उत्तरप्रदेश सीमा के पास बसंतपुर थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कर ट्रक को रोका गया, जहां तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य सरगना फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने किया। उन्होंने बताया कि तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
