Advertisement Carousel

नए साल की पहली ACB ट्रैप कार्रवाई, SDM कार्यालय का बाबू 1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार


रायगढ़ | 02 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2026 की शुरुआत भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई से हुई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर इकाई ने रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में SDM कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह नए साल में प्रदेश की पहली ट्रैप कार्रवाई मानी जा रही है।


ACB के DSP अजितेश सिंह के अनुसार, ग्राम अमलीटिकरा निवासी राजू कुमार यादव ने 24 दिसंबर 2025 को ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जमीन खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री और नामांतरण पहले ही उसके नाम पर हो चुका था। इसके बावजूद SDM कार्यालय के बाबू ने जमीन की रजिस्ट्री को गलत बताकर शिकायत का डर दिखाया और मामले को दबाने के बदले 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।


पहली किश्त लेते ही ACB का जाल
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर आरोपी ने पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेने की सहमति दी। इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। 02 जनवरी 2026 को शिकायतकर्ता को रकम के साथ आरोपी के धर्मजयगढ़ स्थित शासकीय आवास भेजा गया।


जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, उसे संदेह हुआ और उसने दरवाजा बंद कर लिया। ACB टीम ने दरवाजा खुलवाकर तलाशी ली, इस दौरान आरोपी ने रिश्वत की रकम को आवास के पीछे दीवार की ओर बैग में फेंकना स्वीकार किया। ACB कर्मचारियों ने रकम फेंकते हुए आरोपी को देखा भी, जिसके बाद पूरी 1 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली गई।


भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ACB ने आरोपी बाबू अनिल कुमार चेलक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

error: Content is protected !!