भिलाई में राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना से हड़कंप मच गया। पावर हाउस स्टेशन के पास अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंका, जिससे इंजन के सामने लगी लोको पायलट की विंडशील्ड में दरार आ गई।
मिली जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस खुर्सीपार गेट पार कर जैसे ही पावर हाउस स्टेशन के पास पहुंची, तभी अचानक पत्थर आकर कांच से टकरा गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचकर पत्थरबाजों की तलाश में जुट गई है। क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भिलाई में ट्रेन पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें एक नाबालिग को पकड़ा गया था।
फिलहाल RPF मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
