रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में पदोन्नति को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) 2012 बैच के अधिकारी और कवर्धा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवई ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर अपने साथ हुए गंभीर अन्याय, भेदभाव और संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
एसपी छवई ने अपने पत्र में साफ शब्दों में कहा है कि सभी पात्रता मानदंड और वरिष्ठता पूरी करने के बावजूद उन्हें जानबूझकर पदोन्नति से वंचित किया गया, जबकि उनके बैच के अन्य अधिकारियों को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने इसे प्रशासनिक पक्षपात और नियमों की अनदेखी बताया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। पत्र सामने आने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है और उच्च स्तर पर इस पर गंभीर मंथन शुरू हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस महकमे में पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर पहले से ही असंतोष की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन किसी वरिष्ठ IPS अधिकारी द्वारा खुले तौर पर मुख्यमंत्री से शिकायत करना दुर्लभ और गंभीर माना जा रहा है।
अब यह मामला सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान में है और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस पर क्या कार्रवाई करती है।
