सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर बनेंगे ग्रेड सेपरेटर
77.36 करोड़ रुपए की स्वीकृति, केंद्रीय मंत्रालय ने दी मंजूरी
रायपुर, 3 फरवरी 2026। राजधानी रायपुर और ट्विन सिटी भिलाई-दुर्ग के बीच अब आवागमन और अधिक सुगम व तेज होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सिरसा गेट चौक और खुर्सीपार चौक पर ग्रेड सेपरेटर बनाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इन परियोजनाओं के लिए 77 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।
भारत सरकार द्वारा राज्य शासन के प्रस्ताव के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के तहत यह राशि स्वीकृत की गई है। ग्रेड सेपरेटर बनने से रायपुर और दुर्ग के बीच आने-जाने वाले वाहनों को अब चौकों पर रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या समाप्त होगी।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर कुम्हारी चौक, डबरा पारा, पॉवर हाउस चौक और सुपेला चौक पर पहले ही फ्लाईओवर बन चुके हैं। सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर भी लंबे समय से फ्लाईओवर या ग्रेड सेपरेटर की मांग की जा रही थी।
जनआकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य और केंद्र सरकार के समन्वय से यह मंजूरी मिली है। यह सड़क रायपुर-भिलाई-दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी प्रमुख चौकों पर ग्रेड सेपरेटर बनने से यात्रियों के साथ-साथ उद्योगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
