बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी स्थित गौरा-गौरी मंदिर परिसर में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां किराये पर रहकर होटल स्टाफ के रूप में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक की उसकी गर्लफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी, पिता दूज राम सूर्यवंशी, निवासी ग्राम करा के रूप में हुई है। वह शुभम विहार क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था और एक होटल में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, मृतक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच मोबाइल नंबर ब्लॉक करने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर युवती ने पास में रखे चाकू से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी युवती मूलतः सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली है और वर्तमान में बिलासपुर के कुडूदंड इलाके में किराये के मकान में रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सुरक्षित कर पंचनामा कार्रवाई की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
