रायपुर। देश के अलग-अलग राज्यों में करोड़ों की चोरी करने वाला शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी को रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन और मौदहापारा में प्रकरण दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार लोकेश श्रीवास बिलासपुर जेल से छूटते ही अगले दिन रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा क्षेत्र में चार दुकानों के छत तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। इन घटनाओं में कपड़ा दुकान, फर्नीचर दुकान और हार्डवेयर दुकान से कुल करीब 7 लाख रुपये नगद चोरी किए गए थे।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला एवं उमेश प्रसाद गुप्ता की निगरानी में टीम गठित की गई। घटना स्थलों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर लोकेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने रायपुर सहित प्रदेश और देश के अन्य राज्यों में दर्जनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से 79,500 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगर से 6 किलो सोना, उड़ीसा से 500 ग्राम सोने के जेवर, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर सहित कई जिलों में ज्वेलरी शॉप और दुकानों से करोड़ों की चोरी की है। दुर्ग स्थित पारख ज्वेलर्स से लगभग 4 करोड़ रुपये के आभूषण और बजाज शोरूम से 9 लाख रुपये की चोरी भी उसके चर्चित मामलों में शामिल हैं।
फिलहाल आरोपी से अन्य मामलों में विस्तृत पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी: लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू (35), निवासी कैलाश नगर, विवेकानंद स्कूल के पास, थाना कोतवाली, जिला कबीरधाम।
