Advertisement Carousel

मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ, 523 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर/सरगुजा, 13 फरवरी 2026। विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह आयोजन सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

उन्होंने मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपये तथा सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिले को कुल 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपये के 109 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 429 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपये की लागत से 81 कार्यों का भूमिपूजन तथा 94 करोड़ 9 लाख 13 हजार रुपये की लागत से 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मैनपाट महोत्सव सरगुजा की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और कला को मंच प्रदान करता है। इससे स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ मंत्र का उल्लेख करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने प्रदेश में नक्सलवाद में आई कमी का जिक्र करते हुए सुरक्षा बलों के जवानों के साहस को नमन किया।
कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय द्वारा पारंपरिक “ताशी शोपा” नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों को योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरित की। स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में रंग भर दिए।


पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के समग्र विकास और आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण पर गंभीरता से कार्य कर रही है। मैनपाट जैसे प्राकृतिक स्थल पर पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।


विधायक राम कुमार टोप्पो और प्रबोध मिंज ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक गौरव का उत्सव बताया।
मैनपाट महोत्सव के जरिए सरगुजा में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!