Advertisement Carousel

Raipur Police Commissionerate का विशेष अभियान, 42 चेकिंग पॉइंट पर देर रात तक जांच


रायपुर, 3 मार्च 2026। होली पर्व को देखते हुए शहर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए Raipur Police Commissionerate के यातायात विभाग ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। शाम से देर रात तक चले इस विशेष अभियान में 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई।


पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्तों एवं सहायक पुलिस आयुक्तों की निगरानी में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 42 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। ब्रीथ एनालाइज़र मशीन से जांच के दौरान 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक और 15 टाटा एस/ई-रिक्शा चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा गया। सभी 130 वाहनों को मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के अंतर्गत जब्त कर यातायात मुख्यालय एवं संबंधित थानों में सुरक्षित खड़ा किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन प्रकरणों को होली के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक मामले में 10 हजार से 15 हजार रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली तक विशेषकर रात्रि के समय नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं। तेज रफ्तार और शराब के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। होली के दौरान सौहार्द बनाए रखें और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करें।

error: Content is protected !!