Advertisement Carousel

आईटीबीपी जवानों ने दिखाई मानवता, 5 किमी स्ट्रेचर पर ले जाकर गर्भवती महिला को पहुंचाया अस्पताल


नारायणपुर:
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में आईटीबीपी के जवानों ने मानवता की मिसाल पेश की है। बोटेर गांव की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर जवानों ने उसे सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में मदद की। दुर्गम पहाड़ी और जंगल के रास्तों के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाई, जिसके बाद आईटीबीपी जवानों ने महिला को स्ट्रेचर पर करीब 5 किलोमीटर पैदल ले जाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया।


इसके बाद महिला को ओरछा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।


दरअसल, नारायणपुर का अबूझमाड़ क्षेत्र कई दशकों तक नक्सल प्रभावित रहा है। अब नक्सलवाद खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यहां सुरक्षा बलों के नए कैंप स्थापित किए गए हैं। इन कैंपों के माध्यम से जवान न सिर्फ सुरक्षा दे रहे हैं बल्कि दूरदराज के ग्रामीणों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने में भी मदद कर रहे हैं।
नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों की इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। इससे पहले भी कई मौकों पर जवानों ने दुर्गम इलाकों में ग्रामीणों की मदद कर मानवता का परिचय दिया है।

error: Content is protected !!