Advertisement Carousel

हनुमान जन्मोत्सव पर नर्मदा कुंड पहुंचे CM साय, कुंड के जीर्णोद्धार का किया भूमिपूजन


रायपुर। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को राजधानी रायपुर के स्टेशन चौक स्थित नर्मदा कुंड राम जानकी मंदिर में आयोजित हनुमान उत्सव और श्रीराम कथा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पवित्र नर्मदा कुंड के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त हनुमान जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। वे बल, बुद्धि और विद्या के दाता हैं और उनका जीवन निष्ठा, सेवा तथा समर्पण की सीख देता है। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर राम नाम के जयकारों से गुंजायमान रहा।


मान्यता है कि इस स्थल पर महंत दयाल दास जी के चिमटे से कुंड में मां नर्मदा का प्राकट्य हुआ था। मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इस अवसर पर 1 से 5 अप्रैल तक स्वामी राजीव लोचन दास द्वारा आयोजित श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को प्रभु श्रीराम का ननिहाल और माता कौशल्या का मायका माना जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक करीब 42 हजार श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि 5 हजार से अधिक बुजुर्ग विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा कर चुके हैं।


उन्होंने बताया कि धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए प्रदेश में धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू किया गया है, जिसमें कड़े प्रावधान किए गए हैं। वहीं गौ संरक्षण के लिए सुरभि गौधाम योजना शुरू की गई है, जिसके तहत प्रदेश में 330 गौधाम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रुद्र सेना और रुद्र शक्ति के पोस्टर का भी विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक किरण सिंहदेव और पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!