रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य के चार जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लंबी अवधि की ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है। इस दौरान उनके स्थान पर नए अधिकारियों को प्रभारी एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार रायपुर ग्रामीण, कोंडागांव, गरियाबंद और जांजगीर-चांपा जिलों के एसपी को ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद स्थित National Police Academy (एनपीए) रवाना किया गया है। यह प्रशिक्षण 6 अप्रैल से शुरू होकर 15 मई तक चलेगा।
ट्रेनिंग पर जाने वाले अधिकारियों में रायपुर ग्रामीण की एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, कोंडागांव के एसपी वेदव्रत सिरमौर, गरियाबंद के एसपी पंकज चंद्रा और जांजगीर-चांपा के एसपी विजय पांडेय शामिल हैं।
इन अधिकारियों की अनुपस्थिति में राज्य पुलिस मुख्यालय ने अस्थायी प्रभार सौंप दिया है। आदेश के मुताबिक मनीषा ठाकुर रावटे को रायपुर ग्रामीण का प्रभारी एसपी बनाया गया है। वहीं विमल कुमार बैस को जांजगीर-चांपा, त्रिलोक बंसल को कोंडागांव और नीरज चंद्राकर को गरियाबंद जिले का प्रभारी एसपी नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में डीजीपी कार्यालय की ओर से लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक प्रशिक्षण अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी आधुनिक पुलिसिंग, नेतृत्व क्षमता और कानून-व्यवस्था प्रबंधन से जुड़े विशेष पाठ्यक्रमों में भाग लेंगे।
