Advertisement Carousel

माल ढुलाई में SECR फिर अव्वल, 30,410 करोड़ की कमाई; रायपुर रेल मंडल ने भी बनाया रिकॉर्ड


रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई और राजस्व के मामले में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। जारी आंकड़ों के अनुसार SECR ने 30,410 करोड़ रुपये का माल राजस्व अर्जित कर देश में पहला स्थान बरकरार रखा है।


रायपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद ने बताया कि रायपुर रेल मंडल ने भी बीते वित्तीय वर्ष में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल 5,664 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। इसमें माल ढुलाई से लगभग 5,000 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि यात्री सेवाओं से 631 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।


डीआरएम ने बताया कि रायपुर रेल मंडल ने इस दौरान 47 मिलियन टन माल ढुलाई कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि माल राजस्व के मामले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे पूरे देश में पहले स्थान पर है, जबकि रायपुर रेल मंडल देश में नौवें स्थान पर रहा है।


उन्होंने बताया कि रेलवे केवल माल ढुलाई ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधाओं और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी लगातार काम कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 30,410 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए, जबकि लगभग 51 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं फिलहाल निर्माणाधीन हैं। इन परियोजनाओं में नई रेल लाइन, दोहरीकरण, तीसरी-चौथी लाइन, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।


डीआरएम दयानंद ने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ के साथ रेलवे का कोई सौतेला व्यवहार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे और रेल मंत्रालय की प्राथमिकता के तहत राज्य को देश की मुख्य विकास धारा से जोड़ने के लिए सभी परियोजनाओं और प्रस्तावों को पूरा समर्थन दिया जा रहा है। रेलवे अधिकारी और कर्मचारी क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।


उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी रायपुर रेल मंडल और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे माल ढुलाई, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

error: Content is protected !!