रायपुर। अभनपुर क्षेत्र के चंपारण मंडल में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक Indra Kumar Sahu के एक बयान से बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक के बयान के बाद कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम स्थल पर हाथापाई जैसी स्थिति भी बन गई।
जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए विधायक इंद्र कुमार साहू ने कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें “गद्दार” करार दिया। उन्होंने कहा कि “विधानसभा में गद्दारी करने वाले लोग ही प्रवक्ता बन जाते हैं।” इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि “एजेंट बनकर चुनाव हराने वाले लोग आज भी सक्रिय हैं।”
बताया जा रहा है कि विधायक का यह बयान हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनाव में पार्टी की हार को लेकर दिया गया था। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। कुछ कार्यकर्ताओं ने मंच के सामने आकर विरोध भी जताया, जिसके चलते कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर तीखी बहस और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। बाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और आयोजकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
वहीं, विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री Amarjeet Bhagat ने चुटकी लेते हुए कहा कि “कभी-कभी सच्चाई जुबान पर आ ही जाती है।”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के अंदरूनी मतभेद अब सार्वजनिक मंचों पर भी सामने आने लगे हैं। हालांकि इस मामले को लेकर भाजपा संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
