रायपुर/जशपुर, 6 अप्रैल।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र के सालियाटोली में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने कथा स्थल पर व्यासपीठ पर विराजमान संत चिन्मयानंद बापूजी को नमन करते हुए कहा कि कुनकुरी की पावन धरा आज श्रीराम कथा के कारण धन्य हो गई है और पूरा वातावरण ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से अत्यंत गहरा संबंध है। यह माता कौशल्या की पावन धरती और भगवान श्रीराम का ननिहाल है, जहाँ उन्हें भांजे के रूप में घर-घर में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्ष के वनवास का अधिकांश समय दंडकारण्य क्षेत्र और छत्तीसगढ़ के जंगलों में बिताया था, इसलिए इस धरती के कण-कण में राम की उपस्थिति का अनुभव होता है। उन्होंने सीता रसोई जैसे कई पौराणिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्थल आज भी प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत के साक्षी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश के लिए सौभाग्य का समय है कि अयोध्या में भगवान श्रीराम की पुनः प्रतिष्ठा हुई है। उन्होंने कहा कि श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पूरे देश को गौरव मिला है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प से संभव हो सका है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य गठन के बाद ही श्री रामलला दर्शन योजना प्रारंभ की। इस योजना के तहत अब तक करीब 42 हजार श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के दर्शन कराए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय जनमानस के कण-कण में विराजमान हैं। जांजगीर क्षेत्र में रामनामी समाज की अनूठी आस्था इसका उदाहरण है, जहाँ लोग अपने शरीर पर ‘राम-राम’ का गोदना अंकित कराते हैं और जीवनभर रामभक्ति में लीन रहते हैं। उन्होंने बताया कि श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ से अयोध्या के लिए 300 मीट्रिक टन सुगंधित चावल और 100 टन से अधिक हरी सब्जियाँ भेजी गई थीं, जो ननिहाल की ओर से विशेष भोग के रूप में समर्पित की गई थीं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ से गई डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम ने अयोध्या में लाखों रामभक्तों के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में अवैध धर्मांतरण को रोकने के लिए धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू किया है, जिसके सख्त प्रावधानों के माध्यम से इस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, संयोगिता सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, उपेंद्र यादव, सुनील अग्रवाल, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
8 अप्रैल तक चलेगी श्रीराम कथा
कुनकुरी के सालियाटोली में आयोजित यह संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव 2 अप्रैल से प्रारंभ हुआ है और 8 अप्रैल तक चलेगा। संत चिन्मयानंद बापूजी के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही कथा सुनने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। आयोजन के कारण पूरे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है तथा श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प ले रहे हैं।
