सूरजपुर।
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जुआ खेलते एक आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने सख्त कदम उठाते हुए थाना प्रभारी और आरक्षक दोनों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार रामानुजनगर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा के वाहन चालक आरक्षक पंकज सिंह का जुआ खेलते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा को पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया। वहीं वायरल वीडियो में नजर आ रहे आरक्षक पंकज सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।
कार्रवाई के तहत दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

