भिलाई नगर। जामुल पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहे तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम खेदामारा के नहर किनारे मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी “BET BHAI 9” नामक प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी क्रेटा कार और स्कूटी में घूम-घूमकर लगातार लोकेशन बदलते हुए सट्टे का अवैध कारोबार चला रहे थे।
जप्त किए गए मोबाइल फोन के परीक्षण में पुलिस को करीब 2.5 से 3 लाख रुपये तक के अवैध ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के पुख्ता सबूत मिले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा कार, एक स्कूटी और iPhone 14 Pro Max सहित कुल 4 लाख 6 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
आरोपियों के खिलाफ नए जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
