रायपुर।
शहर में यातायात जाम की समस्या से राहत देने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है। इस नंबर पर कॉल या व्हाट्सऐप के जरिए कोई भी नागरिक जाम की सूचना दे सकता है, जिस पर ट्रैफिक पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यवस्था सुचारू करेगी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। सूचना मिलने के बाद आईटीएमएस और कंट्रोल रूम के माध्यम से यातायात पेट्रोलिंग टीम को तुरंत भेजा जाएगा, ताकि जाम को जल्द से जल्द हटाकर यातायात सामान्य किया जा सके।
यातायात पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से गूगल मैप के जरिए भी शहर की सड़कों पर नजर रखी जाएगी। जहां भी ट्रैफिक का दबाव या जाम दिखाई देगा, वहां तत्काल पेट्रोलिंग टीम भेजी जाएगी।
गूगल मैप में ट्रैफिक के रंगों का मतलब
हरा (Green): यातायात सामान्य
पीला (Yellow): मध्यम गति से यातायात
लाल (Red): बहुत धीमी गति या सिग्नल पर रुका ट्रैफिक
मेहरून (Maroon): पूरी तरह जाम
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जाम की स्थिति में हेल्पलाइन पर सूचना दें और गूगल मैप देखकर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।


