रायगढ़ में IPL सट्टेबाजी पर पुलिस का एक्शन
रायगढ़। जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने IPL टी-20 मैच पर ऑनलाइन बॉल-टू-बॉल सट्टा लिखते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर स्थित गुरूकृपा प्रोविजन स्टोर के पास दो व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से कोलकाता और लखनऊ के बीच चल रहे IPL टी-20 मैच में सट्टा लिख रहे हैं। सूचना पर साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पंकज जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी कच्ची खोली और जयदेव मित्रा, निवासी देवांगन पारा बोईरदादर को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पाया कि जयदेव मित्रा मोबाइल के जरिए सट्टा नोट करने के साथ-साथ ऑनलाइन सट्टा खेल भी रहा था।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे और सट्टे की रकम UPI के जरिए लेते थे। आरोपियों ने बताया कि वे पूरा लेनदेन मुख्य सट्टा खाईवाल शानू बेरीवाल, निवासी पंचवटी कॉलोनी चक्रधरनगर रायगढ़ के लिए करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वीवो और एक सैमसंग मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच में “ALL PANELEXCH” और “JALWA-247” जैसी सट्टा साइट्स सक्रिय पाई गईं।
इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और धारा 3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मुख्य सट्टा खाईवाल शानू बेरीवाल फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
