भिलाई /
भिलाई के उतई थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लापता हुई 5 साल की मासूम बच्ची कई घंटे बाद कुएं के किनारे बोरे में बंद हालत में मिली। बच्ची का मुंह तकिए के खोल से बांधा गया था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक उतई इलाके से 5 साल की एक बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव के ही दो युवकों ने कुएं के पास एक बोरा पड़ा देखा। शक होने पर जब बोरा खोला गया तो अंदर मासूम बच्ची बंद मिली।
बच्ची का मुंह तकिए के खोल से बांधा गया था, जिससे वह बेहद डरी और सहमी हुई हालत में थी। तुरंत उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उतई थाने पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी जांच के लिए पहुंची है। बच्ची का मेडिकल एग्जामिनेशन कराया जा रहा है, जिसके बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर बच्ची के साथ क्या हुआ।
