Advertisement Carousel

वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट, 10 मजदूरों की मौत; 22 घायल, पीएम ने जताया दुख



सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर में विस्फोट होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 22 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद प्लांट परिसर में भगदड़ की स्थिति बन गई और कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के निजी अस्पतालों में रेफर किया गया है।


हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने अब तक 10 मजदूरों की मौत और 22 के घायल होने की पुष्टि की है।


घटना के बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक प्लांट प्रबंधन की ओर से इस हादसे को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


इस बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पावर प्लांट में हुआ हादसा दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!