रायपुर | 15 अप्रैल 2026
रायपुर पुलिस ने जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है, जहां रेलवे पटरी के पास मोबाइल के जरिए क्रिकेट मैच पर सट्टा संचालित किया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के DCP वेस्ट संदीप पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वहीं एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल के नेतृत्व में कबीर नगर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
आकाश टांडी (31 वर्ष)
निवासी – रवि फैंसी स्टोर वाली गली, कोटा, रायपुर
मोहम्मद आरिफ (50 वर्ष)
निवासी – कोटेश्वर नगर, कोटा (रवि भवन के सामने), थाना सरस्वती नगर, रायपुर
पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए थे और मैचों पर दांव लगवाने का काम कर रहे थे।
पूछताछ के दौरान सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य संचालकों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
